अपराध नियंत्रण को लेकर आईजी कर रहे थे बैठक, तभी रांची के बीचो बीच भीड़ भाड़ वाले मेन रोड में अपराधी युवक को गोली मारकर हो गए फरार
गंभीर बात ये है कि जिस समय बेलगाम अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उस वक़्त आईजी अभियान एवी होमकर विधि व्यवस्था संधारण सह अपराध नियंत्रण पर बड़ी बैठक कर रहे थे।

रांची. राजधानी रांची में एक बार फिर बेख़ौफ़ अपराधियों ने शहर के बीचो बीच भीड़ भाड़ वाले इलाके मेन रोड में एक युवक की गोली मारकर आज हत्या कर दी है। इस घटना ने त्योहारों से पहले रांची के सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। गंभीर बात ये है कि जिस समय बेलगाम अपराधी इस वारदात को अंजाम देकर बड़े आसानी से भाग गए, उस वक़्त पुलिस मुख्यालय में आईजी अभियान सह राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एवी होमकर विधि व्यवस्था संधारण सह अपराध नियंत्रण पर बड़ी बैठक कर रहे थे। उसी समय रांची के डेली मार्केट थाना से महज दो सौ मीटर दूर अपराधियों ने खुनी तांडव किया।
ईद की खरीददारी करने आये छोटू को मारी गोली, मृत घोषित
मौलाना आज़ाद कॉलोनी के रहने वाले बजरुद्दीन उर्फ़ छोटू अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रांची के मेन रोड में ईद की खरीददारी करने आये थे। तभी घात लगाए अपराधियों ने छोटू के गर्दन और सीने में गोली मार दी। इसके बाद बेख़ौफ़ अपराधी हाथो में हथियार लहराते हुए भीड़ भाड़ के बीच से निकलते हुए फरार हो गए। आनन् फानन में छोटू को रिम्स रेफर किया गया, जहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।