
RANCHI. रांची के मोरहाबादी स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क होगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर मोरहाबादी स्थित मरंङ गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है। विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने आज देर शाम रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निदेशक सुशांत गौरव, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और अन्य पदाधिकारियों के साथ तैयारियों का जायज़ा लिया।
विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने मलेशियाई टीम के अभ्यास सत्र का निरीक्षण किया और स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, लाइट, कंट्रोल रूम आदि का जायज़ा लेते हुए पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्टेडियम के सभी इंट्री गेट का भी मुआयना किया और पदाधिकारियों को पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।