विमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप 2023: रांची पहुंचीं जापान की महिला टीम, मांदर की थाप पर जमकर थिरके खिलाड़ी, देखिये तस्वीरें
रांची के मोरहाबादी स्थित इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक एशियन विमेंस हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होना है. पहली बार रांची को अंतराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है.

रांची. 27 अक्टूबर से शुरू हो रहे विमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप 2023 में भाग लेने के लिए जापान की महिला हॉकी टीम आज रांची पहुंची. टीम के रांची पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया. पारंपरिक वाद्य यंत्रो से युक्त कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से महिला खिलाड़ियों का दिल जीत लिया. इस दौरान झारखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर जापान की महिला खिलाड़ी भी उत्साहित होकर थिरकने लगी.
महिला खिलाड़ियों ने ली सेल्फी: जापान की महिला खिलाड़ियों ने रांची एयरपोर्ट में शानदार स्वागत की सेल्फी ली और प्रस्तुति दे रहे कलाकारों के साथ फोटो खिंचवाया.
टीम का स्वागत करते हुए झारखंड हॉकी के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने रांची को अंतराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने पर अपनी ख़ुशी जाहिर की और उम्मीद जताई कि सफल मेजबानी से ना केवल राज्य का नाम रौशन होगा, बल्कि आने वाले समय में रांची को और भी अंतराष्ट्रीय खेलो के मेजबानी का मौका मिलेगा.
27 से होगा मुक़ाबला, दर्शको की एंट्री निःशुल्क: रांची के मोरहाबादी स्थित इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक एशियन विमेंस हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होना है. पहली बार रांची को अंतराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है. इस चैंपियनशिप में मेजबान भारत के अलावा कोरिया, मलेशिया, थाईलैंड, जापान और चीन की टीम भाग लेगी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार कर रहे है मॉनिटरिंग: रांची को मिले इस अंतराष्ट्रीय मेजबानी से पूरा प्रदेश गौरवान्वित है. यहीं वजह है कि खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस आयोजन की मॉनिटरिंग कर रहे है. वे लगातार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देशित कर रहे है. इतना ही नहीं, चैंपियनशिप की ट्रॉफी भी हर जिले में प्रदर्शन के लिए भेजी जा रही है, ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी इस आयोजन से सबकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
आज रात आएगी भारत की टीम: चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए मेजबान भारत की टीम आज रात 8.10 बजे रांची पहुंचेगी. भारतीय टीम में झारखंड की निक्की प्रधान, सलीमा टेटे और संगीता कुमारी भी शामिल है. यह पहला मौक़ा होगा जब तीनो खिलाड़ी अपने होमग्राउंड में अंतराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलेंगी.