HeadlinesJharkhandRanchi

इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट: 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में रांची नंबर-1, केंद्रीय शहरी कार्य मंत्रालय ने की घोषणा

रांची: केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट 2022 का परिणाम घोषित कर दिया है. भारत सरकार द्वारा जारी इस अवार्ड कांटेस्ट में फिर से इस बार झारखंड की राजधानी रांची ने अपना परचम लहराया है. पूर्वी भारत के 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में रांची को नंबर वन से नवाजा गया है. जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले अवार्ड कार्यक्रम में रांची को ये पुरस्कार दिया जायेगा. इसमें रांची स्मार्ट सिटी को भी सम्मानित किया जायेगा. केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने नयी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अवार्ड की घोषणा की है.

नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव ने दी बधाई:

राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव एवं रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक विनय कुमार चौबे ने नगर विकास विभाग, रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन और स्मार्ट सिटी के विकास में जुडी विभिन्न एजेंसियों के पदाधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है. इसके साथ ही रांची की जनता का भी सहयोग के लिए दिल से आभार व्यक्त किया है. विभागीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है.

हर साल केंद्र सरकार कराती है कांटेस्ट का आयोजन:

गौरतलब है कि भारत सरकार के स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से देश के 100 चुने हुए शहरों में स्मार्ट सिटी योजना चल रही है. इन योजनाओं की प्रगति और शहरों के द्वारा विभिन्न क्षेत्र में किये जा रहे विकास कार्य को आधार बनाकर हर साल भारत सरकार की ओर से इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट का आयोजन किया जाता है. इस कांटेस्ट में कई बार रांची ने परचम लहराया है.

विभिन्न कैटेगरी में भेजा गया था नामांकन:

इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट 2022 में देश के सभी स्मार्ट सिटी ने विभिन्न कैटेगरी में नामांकन भेजा था. जिसमे रांची की ओर से भी इकॉनमी, इनोवेशन, सोशल एस्पेक्ट, अर्बन मोबिलिटी, सिटी सिक्योरिटी आदि क्षेत्र में नामांकन भेजा गया था. इन सभी प्रस्ताव और रांची स्मार्ट सिटी की योजनाओं की प्रगति में पूर्वी क्षेत्र के बेस्ट परफॉर्मर के रूप में रांची को चुना गया है. यह सम्मान रांची और झारखंड के लोगों के लिए गर्व का विषय है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button