
रांची: झारखंड प्रदेश बीजेपी नेताओं की ओर से 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव और प्रदर्शन मामले में रांची की धुर्वा थाना पुलिस ने आज तीन पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश सहित 41 लोगों को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने 22 अप्रैल को सभी नेताओं को थाना तलब किया है। दरअसल, भाजपा के 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान जमकर उपद्रव और पत्थरबाजी हुई थी। इस घटना को लेकर धुर्वा थाने में कार्यपालक दंडाधिकारी उपेद्र कुमार की बयान पर 41 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। नामजद लोगों में तीन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास का नाम शामिल है। इन लोगों पर उपद्रव करने, दंगा भड़काने, सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, अपराध के लिए उकसाने और दूसरे व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप हैं। इस नोटिस में दीपक प्रकाश से सचिवालय घेराव मामले में पूछताछ की जानी है। पुलिस ने दीपक प्रकाश को 22 अप्रैल को 11 बजे थाने पहुंचने को कहा है।
प्राथमिकी में जुड़ सकता है दीपक प्रकाश और जयंत सिन्हा का नाम:
भाजपा द्वारा 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव और प्रदर्शन मामले में दर्ज प्राथमिकी में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, बीड़ी राम, जेबी तुबिद सहित अन्य सांसदों और विधायकों के नाम भी जोड़े जायेंगे। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार मिली जानकारी के अनुसार केस के आइओ को इसे लेकर निर्देशित भी किया जा चुका है। केस के संबंध में बताया जा रहा है कि सुपरविज़न के दौरान इनका नाम केस में जोड़ दिया जायेगा। गौरतलब है कि सचिवालय घेराव और प्रदर्शन मामले में कई बड़े बीजेपी नेताओं का नाम प्राथमिकी में नहीं था, जो बाद में जिला प्रशासन के संज्ञान में आया। सरकारी काम में बाधा, तोड़फोड़, सरकारी अधिकारीयों और पुलिसकर्मियों पर हमला, दंगा भड़काने, उपद्रव समेत कई धाराओं में 41 भाजपा नेताओं समेत हजारो अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।