
रांची: झारखंड और बिहार के लोगों का इंतज़ार खत्म हो गया है। दोनों राज्यों के बीच चलने वाली हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की फाइनल डेट आ गयी है। रेल मंत्रालय ने रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन को 25 अप्रैल से चलाया जायेगा। इसे लेकर रेल मंत्रालय ने दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकारियों को तैयारी शुरू करने को कहा है। वंदे भारत ट्रेन को चलाने के लिए लोको पायलट और क्रू मेंबर को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस ट्रेन को नए रूट से चलाया जाएगा। रांची से पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन होगी, पर अभी किराया तय नहीं किया गया है। इसका मेंटनेंस हटिया यार्ड में होगा। ट्रेन का प्राइमरी मेंटनेंस रांची में होगा।
वहीं सेकेंड्री मेंटनेंस पटना में होगा। वंदे भारत ट्रेन रांची से पटना का सफर छह घंटे में पूरा करेगी। यह ट्रेन सुबह 7:30 बजे रांची से खुलेगी और दोपहर दो बजे पटना पहुंचेगी और फिर पटना से दोपहर 3:30 खुलेगी और रात 10:30 बजे रांची पहुंचेगी। टाइमिंग को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे अधिकारियों से रेल मंत्रालय ने अनुमति मांगी है।
झारखंड को मिलने वाली पहली वंदे भारत, दूसरी रांची-हावड़ा के बीच चलेगी:
रांची से पटना के लिए चार ट्रेनें चल रही हैं। इसमें हटिया-पुर्णिया कोर्ट ट्रेन, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, हटिया-इस्लामपुर के बाद हटिया-पटना पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस ट्रेन है। अब पांचवीं ट्रेन वंदे भारत होगी। यह झारखंड को मिलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन होगी, जो दो राज्यों को जोड़ेगी। वहीं रांची-हावड़ा वंदे भारत भी प्रस्तावित है।
रांची, टाटी सिल्वे, बरकाकाना और हजारीबाग रेल रूट से चलेगी ट्रेन:
रांची से टाटी सिल्वे, बरकाकाना, हजारीबाग रेलखंड बनकर तैयार है, जिस पर ट्रेन के परिचालन की हरी झंडी भी मिल गई है, लेकिन रेलवे इस नए रूट पर सबसे पहले वंदे भारत ट्रेन दौड़ाना चाहती है। यही वजह है कि इस रूट पर अभी तक किसी ट्रेन को चलाने की मंजूरी नहीं दी गई थी। वंदे भारत से इस रूट की शुरुआत होगी।
रेलमंत्री बोले- रांची और हावड़ा के लिए भी जल्द शुरू होगी वंदे भारत:
कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे ब्रिज चिनाब के उद्घाटन पर 26 मार्च को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि रांची से पटना के बीच अगले महीने वंदे भारत चलाने की तैयारी है। इसके बाद हावड़ा वंदे भारत भी जल्द शुरू होगी।