
रांची: झारखंड के सभी दिशाओं में मौजूद शहरों को जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर 6 हाई स्पीड फोर लेन रोड नेटवर्क का जाल बिछाया जायेगा. इसके लिए फिजिबिलिटी स्टडी और डीपीआर की दिशा में राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने कदम बढ़ा दिया है. विभागीय सूत्रों के अनुसार अप्रैल तक डीपीआर के एक हिस्से का काम पूरा होने की उम्मीद है.
शहरों की दूरी कम करने और यात्रा का समय बचाने के लिए ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर, झारखंड ईस्टर्न कॉरिडोर, झारखंड सेंट्रल कॉरिडोर, टूरिज्म कॉरिडोर, नार्थ-साउथ कॉरिडोर, पवित्र टूरिज्म कॉरिडोर बनाया जायेगा. इन छह हाई स्पीड कॉरिडोर की कुल लंबाई 1370 किलोमीटर होगी. इस प्रोजेक्ट से झारखंड में सड़कों की सूरत बदल जाएगी. सभी हाई स्पीड कॉरिडोर फोर लेन के होंगे. इसके अलावा जिन स्थानों पर टू लेन कनेक्टिविटी मौजूद है, उसे फोर लेन में बदला जायेगा. वहीं जहां मिसिंग लिंक है, वहां फोर लेन की नयी कनेक्टिविटी दी जाएगी.
छह हाईस्पीड कॉरिडोर से बदलेगी झारखंड के सड़कों की सूरत:
1. झारखंड ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर:
मुरीसेमर – चतरा – बरही – बेंगाबाद – मधुपुर – सारठ – पालाजोरी – दुमका (लंबाई: 393 किलोमीटर)
2. झारखंड ईस्टर्न कॉरिडोर:
साहेबगंज – जामताड़ा – निरसा – सिंदरी – चंदनकियारी – चांडिल (लंबाई: 121 किलोमीटर)
3. झारखंड नार्थ-साउथ कॉरिडोर:
झुमरी तिलैया – अंतकीडीह (एनएच 2 पर) – विष्णुगढ़ – कसमार – बरलंगा – सिल्ली – रड़गांव – सरायकेला – चाईबासा (लंबाई: 275 किलोमीटर)
4. झारखंड सेंट्रल कॉरिडोर:
कांठीटांड – ठाकुरगांव – टंडवा – चतरा – हंटरगंज – डोभी (लंबाई: 140 किलोमीटर)
5. टूरिस्ट कॉरिडोर:
मिलन चौक – तमाड़ – खूंटी – सिसई – घाघरा – नेतरहाट – गारू – सरयू – लातेहार – हेरहंज – बालूमाथ – मैक्लुस्कीगंज – चामा मोड़ (लंबाई: 270 किलोमीटर)
6. पवित्र टूरिज्म कॉरिडोर:
रांची – ओरमांझी – गोला – रजरप्पा – लुगुपहाडी – डुमरी – गिरिडीह – देवघर (लंबाई: 170 किलोमीटर)