श्रद्धांजलि पर सियासत हावी: मंत्री रामदास सोरेन के कार्यक्रम से पहले भाजपा नेता मंडल मुर्मू की दादागिरी, जबरन कार्यक्रम स्थल में जड़ा ताला, पुलिस ने खदेड़ा
मंत्री रामदास सोरेन को आज मुख्यमंत्री की जगह पर जाना था भोगनाडीह, सरकारी कार्यक्रम का विरोध करने हथियारों के साथ उतरे लोग, बीजेपी नेता चंपाई सोरेन का भी था कार्यक्रम

साहिबगंज. संताल की धरती पर आज सियासत हावी रही। भाजपा नेता मंडल मुर्मू ने अपने सैंकड़ो समर्थको के साथ भोगनाडीह सिद्धो कान्हो पार्क के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया, जिसके बाद प्रशासन और मंडल समर्थको के बीच विवाद गहरा गया। मंडल मुर्मू पार्क में सरकारी कार्यक्रम निर्धारित होने के बावजूद प्रोटोकोल का उल्लंघन कर मंच बनवा रहे थे। आज भोगनाडीह में दिशोम गुरु शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को श्रद्धांजलि देने जाना था। मगर गुरूजी की सेहत अस्वस्थ होने के कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली में ही वीर शहीद सिद्धो कान्हो को श्रद्धांजलि दी और भोगनाडीह जाने के लिए मंत्री रामदास सोरेन को अधिकृत किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री रामदास सोरेन भोगनाडीह जा ही रहे थे कि मंडल मुर्मू और उनके सैंकड़ो समर्थक कार्यक्रम स्थल के मुख्य द्वार पर हरवा हथियार लेकर पहुँच गए और द्वार पर ताला जड़ दिया। पुलिस ने उनके समर्थको को मनाने की पूरी कोशिश की मगर उनके समर्थक मानने को तैयार नहीं हुए। अंततः पुलिस ने बलप्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया। मंत्री रामदास सोरेन ने सिद्धो कान्हो को श्रद्धांजलि दी और वहां से सकुशल लौट आये।
कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने से नाराज थे भाजपा नेता मंडल मुर्मू
भाजपा नेता सह सिद्धो कान्हो के छठे वंशज मंडल मुर्मू निजी कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने से नाराज थे और उन्होंने अपनी नाराजगी प्रशासन के ऊपर उतार दी। यह जानते हुए कि उक्त स्थल में सरकारी कार्यक्रम प्रस्तावित है और उसका एक प्रोटोकॉल होता है। मंडल मुर्मू अपने समर्थको के साथ सियासत करने लगे। इसी पार्क में आज भाजपा नेता चम्पाई सोरेन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित था। मगर विवाद की सूचना मिलते ही चम्पाई सोरेन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। मगर मंत्री रामदास सोरेन ने भोगनाडीह के इसी पार्क में जाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सकुशल लौट आये।
2024 में भाजपा में शामिल हुए थे मंडल मुर्मू
सिद्धो कान्हो के छठे वंशज मंडल मुर्मू ने नवंबर 2024 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्य्ता ग्रहण की थी। तभी से उन्हें भाजपा ने संताल साधने का जिम्मा सौंपा है। मंडल मुर्मू असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, शिवराज सिंह चौहान, निशिकांत दुबे की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक के रूप में कार्य कर चुके है।