HeadlinesJharkhandRanchi

दिल्ली में 14 दिसंबर को कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ महारैली, झारखंड से होंगे 5 हजार से अधिक कार्यकर्ता, कई मंत्री हुए रवाना

रांची: दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 14 दिसंबर (रविवार) को होने वाली कांग्रेस की “वोट चोर-गद्दी छोड़” महारैली में शामिल होने के लिए झारखंड से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का दिल्ली कूच शुरू हो गया है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने राज्य से कम से कम पांच हजार कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल कराने का लक्ष्य रखा है. विभिन्न साधनों से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं.

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की दिल्ली रवाना, भाजपा पर साधा निशाना

झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शुक्रवार को प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं. रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में वोटों की हेराफेरी और SIR (संदिग्ध मतदाता सूची) के जरिए भाजपा ने सत्ता हासिल की है. उन्होंने कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी ने बिहार में ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान चलाया था, जिसे जबरदस्त सफलता मिली. यदि यह अभियान कुछ और दिन चलता तो आज बिहार का परिणाम कुछ और होता.”

घुसपैठिए के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा SIR और घुसपैठियों का मुद्दा उठाए जाने पर शिल्पी नेहा तिर्की ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, “भाजपा को बताना चाहिए कि घुसपैठिया कौन है? आजादी के समय पाकिस्तान जाने का मौका होने के बावजूद जिनके पूर्वजों ने इसी मिट्टी में रहना चुना, जिनकी नसों में इस देश की हवा-पानी दौड़ता है, उनकी नाभि इस माटी में गड़ी है– उन्हें आज रोहिंग्या या घुसपैठिया कहना सरासर गलत है.”

उन्होंने आगे कहा, “अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है. 11 साल से देश में भाजपा की सरकार है, फिर बांग्लादेशी या कोई विदेशी सीमा पार करके कैसे आ रहा है? यह किसकी नाकामी है?”

ऐतिहासिक होगी रैली– राकेश सिन्हा

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि 14 दिसंबर की रामलीला मैदान की रैली लोकतंत्र बचाने की दिशा में एक बड़ा आगाज होगी. इस रैली के जरिए देश की जनता को जागरूक किया जाएगा कि भाजपा किस तरह सरकारी तंत्र और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है.

उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन भाजपा निष्पक्ष जांच से भाग रही है. यह रैली ऐतिहासिक होगी और पूरे देश को संदेश देगी कि भाजपा स्वस्थ लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही थोपने की कोशिश कर रही है.”

प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता हुए रवाना

शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए. इनमें रवींद्र सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, कुमार राजा, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, राजेश चंद्र राजू सहित सैकड़ों जिला स्तरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं. रैली को लेकर झारखंड कांग्रेस में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button