
रांची. राजधानी रांची में अपराधी बेखौफ हो गए है। आज दो वारदातों ने पूरे राज्य को दहला दिया। पहली वारदात बुढ़मू में हुई, जहां डॉक्टर सपन दास की उनके ही क्लिनिक में मरीज बनकर आये दो अपराधियों ने गला रेत कर हत्या कर दी। सपन दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और बुढ़मू के मतवे गांव में चिकित्सा सेवा दे रहे थे। सपन अपने घर पर ही क्लिनिक चलाते थे। आज सुबह 9 बजे दो अज्ञात हमलावर मरीज बनकर आये और सपन दास की निर्मम हत्या कर दी। एक हमलावर ने उनका हाथ पकड़ा और दूसरे हमलावर ने उनका गला रेत दिया। अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही सपन ने दम तोड़ दिया। दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दूसरा फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि सपन दास बहुत ही सरल और मिलनसार व्यक्ति थे। वे गरीब मरीजों से बेहद कम फीस लेते थे और अक्सर निःशुल्क इलाज भी करते थे। इसी कारण गांव में उन्हें लोग ‘बंगाली डॉक्टर’ के नाम से जानते थे। उनकी हत्या की खबर से पूरा गांव सदमे में है।
दूसरी वारदात रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में हुई। यहां स्कूटी से घर लौट रही मनीषा तिर्की नाम की युवती की पीछा कर रहे अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। गोली मनीषा की पीठ में लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती को गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गयी है। मनीषा के परिजनों ने बताया की मनीषा की शादी कुछ दिन पहले ही तय हुई थी। घर शादी की तैयारियों में जुट गया था। परिजनों ने आशंका जताई कि मनीषा की हत्या प्रेम प्रसंग में की गयी है।



