
रांची। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन, निर्वाचन संबंधी अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं सुरक्षित भंडारण तथा आगामी 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रांची जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने SIR-2026 के तहत अब तक संपन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। ऐसे में सभी ERO एवं AERO अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की गहन जांच एवं समीक्षा सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम प्रकाशन के समय किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति नहीं रहे।
उन्होंने निर्वाचन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्राप्त प्रपत्रों, नोटिस, सुनवाई से संबंधित दस्तावेजों, निष्पादन प्रतिवेदनों एवं अन्य निर्वाचन अभिलेखों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित रखा जाए। अभिलेखों का उचित वर्गीकरण, सूचीकरण एवं व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।
तार्किक विसंगति एवं नो मैपिंग के मामलों का त्वरित निष्पादन करें
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने तार्किक विसंगति एवं नो मैपिंग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए इनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। कार्य निष्पादन के दौरान किसी प्रकार की समस्या या कठिनाई आने पर तत्काल उनसे संपर्क करें, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।
कार्य में शिथिलता बरतने पर अधिकारियों को शोकॉज, तीन दिनों में सुधार नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी
SIR संबंधी कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने एलआरडीसी, बुंडू छवि बाला एवं अंचल अधिकारी, बुंडू हंस हेम्ब्रम को शोकॉज करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त जिला के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के AERO को भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया।



