
रांची. आदिवासी नेत्री निशा भगत मामले की जांच सीबीआई करेगी। इस संबंध में सीएम हेमंत सोरेन ने सीबीआई जांच का आदेश दिया है। उधर इस पूरे मामले में आज बीजेपी आक्रामक रही। निशा भगत मामले में न्याय की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओ ने आज मशाल जुलूस निकाला गया। एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद समीर उरांव के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से हाथों में जलती मशालें, मांगों से संबंधित तख्तियां एवं पार्टी का झंडा लेकर जुलूस निकाला। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निशा भगत को न्याय दिलाने, दोषियों की गिरफ्तारी और CBI जांच की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। अल्बर्ट एक्का चौक पर कार्यकर्ताओं ने घंटों प्रदर्शन कर राज्य सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 10, 2026
मशाल जुलुस के दौरान समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत केवल एक महिला नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाली एक मुखर आवाज थीं। वह लगातार धर्मांतरण के मुद्दे, आदिवासी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठा रही थीं। उन्होंने अपनी सुरक्षा और उत्पीड़न को लेकर भी सार्वजनिक रूप से चिंता व्यक्त की थी। इसके बावजूद यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई हुई होती, तो शायद आज स्थिति कुछ और होती। यह पूरे प्रशासनिक तंत्र की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत की मौत को सामान्य घटना मानकर इसकी लीपापोती करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों, निशा भगत के अंतिम वीडियो, उनकी शिकायतों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए। मामले में दर्ज प्राथमिकी के बावजूद परिवार एवं समाज की शंकाओं को दूर करने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष CBI जांच आवश्यक है। जब तक पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को कानून के अनुसार सजा नहीं मिलती, भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।



