HeadlinesJharkhandRanchi

बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा में लगी बुलेटप्रूफ गाडी लौटाई, सीएम हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मांगा जवाब

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा में लगे बुलेटप्रूफ गाडी को लौटा दिया है। बार-बार बीच रास्ते में खराब हो रहे 13 वर्ष पुराने बुलेटप्रूफ वाहन को राज्य सरकार को वापस लौटाते हुए श्री मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पत्राचार कर जवाब मांगा है। उन्होंने यह पत्र बार-बार रास्ते में खराब हो रहे बुलेटप्रूफ वाहन को ससम्मान लौटाने और पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर जवाबदेही तय करने के संबंध में लिखा है। उन्होंने कहा कि 21 मार्च 2026 को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सुरक्षा में तैनात जवानों की जर्जर जिप्सियों की स्थिति भी चिंताजनक है। डीजीपी, आईजी प्रोविजन और गृह सचिव को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। मरांडी ने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर वाहन बदलने से रोका जा रहा है और अधिकारी किसके नाम पर निर्णय टाल रहे हैं? उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की बदहाली और 6 नवंबर को उनके काफिले में हुई दुर्घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के लिए नए वाहन उपलब्ध हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुराने और जर्जर वाहनों से काम चलाना पड़ रहा है। मरांडी ने सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंड पर समीक्षा, तत्काल सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराने तथा सात दिनों के भीतर शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित ब्योरा देने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि जब एक दिन वे भी पूर्व मुख्यमंत्री होंगे और ऐसी स्थिति का सामना करेंगे, तब वे सरकार से क्या जवाबदेही चाहेंगे?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button