HeadlinesJharkhand

हजारीबाग के दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत, 12 से अधिक घायल

हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना अंतर्गत हथिया बाबा मोड़ के निकट दनुआ घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई. पूरा परिवार अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहा था, इसी दौरान घटना घटी है. यह हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे महानेटांड के समीप हुई. जब सड़क किनारे खड़ी सवारी गाड़ी को पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें इलाजे के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहीं इलाज के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया. जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या 7 हो गई.

अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहा था परिवार:

मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 20 लोग सवारी गाड़ी पर सवार होकर शव जलाने के लिए बनारस जा रहे थे. दनुआ घाटी के महानेटांड़ कट के समीप वाहन के उपर रखा शव का रस्सी ढीला हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन सड़क पर खड़ा कर यात्री रस्सी को ठीक करने में जुटे थे.

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी में बैठे लोग इसकी चपेट में आ गए. जिससे पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

मौके पर पहुंची पुलिस:

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया. इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी सवारी गाड़ी से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

सात लोगों की मौत:

चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि घटना के बाद चौपारण पुलिस टीम और उन्होंने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू किया. दुर्घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है, जांच चल रही है. दुर्घटना काफी दर्दनाक थी. थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है. साथ ही यह भी कहा है कि घायलों में चार लोगों की स्थिति काफी नाजुक है, जिन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है.

शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर राजकिशोर सूचना मिलने के बाद ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और मरीजों को बेहतर इलाज मिले इसे लेकर चिकित्सकों से विचार विमर्श किया है. उन्होंने बताया कि जो भी घायल आ रहे हैं उन्हें उचित स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है. घटना में 7 लोगों की मौत हुई है. 5 की मौत घटनास्थल पर हुई थी और दो की मौत अस्पताल पहुंचने के बाद हुई है.

गिरिडीह के रहने वाले थे सभी लोग:

इस हादसे में जिन सात लोगों की मौत हुई है, वे गिरिडीह के बगोदर प्रखंड के रहने वाले थे. सभी मुंडरो पंचायत के बिहारो अंतर्गत सलैयाटांड के निवासी थे. सभी सवारी गाड़ी पर सवार होकर एक बुजुर्ग व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे. मृतकों में एक ही परिवार के दो लोगों सहित रिश्तेदार और पड़ोसी शामिल हैं. घटना के बाद मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव अंतर्गत सलैयाटांड में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.

जानकारी के अनुसार, सलैयाटांड गांव के कुंजों प्रजापति (90 साल) की रविवार को मृत्यु हो गई थी. जिसके बाद उनके शव के अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी लेकर जाया रहा था. मृतकों में कुंजों पंडित के बेटे राजू पंडित, बहु बुधनी देवी, दामाद धोकल पंडित (चौबे), जीजा रामेश्वर पंडित (चिचाकी) एवं पड़ोसी रामकिशुन मंडल शामिल हैं.

वहीं घायलों में डिली प्रजापति, जितेन्द्र पंडित, विष्णु पंडित, मृतक कुंजो प्रजापति के बेटा सीताराम पंडित, फागुन पंडित, बेटा, लखन पंडित, बेटा रूबिया देवी, सावित्री देवी आदि शामिल हैं.

घटना के बाद मृतकों के घर और गांव में मातम हैं. यहां पहुंचे भाकपा माले नेता राजेश मंडल बताते हैं कि मृतक कुंजो पंडित की इच्छा थी की उसका अंतिम संस्कार वाराणसी में हो. इसी इच्छा की पूर्ति के लिए उसका एक बेटा राजू पंडित मुंबई में काम करता था. पिता की मौत की सूचना पर वह प्लेन से झारखंड आया. फिर सोमवार को ही घर पंहुचा. वह भी पिता के अंतिम संस्कार में जा रहा था और उसकी जान चली गई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button